Google search engine
Home News विधायक के पीए पर डीएफओ को धमकी देने का आरोप, वन विभाग...

विधायक के पीए पर डीएफओ को धमकी देने का आरोप, वन विभाग में आक्रोश

0
179

चंद्रपुर (मोहम्मद सुलेमान बेग):

ताडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व, चंद्रपुर में वन विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक बंटी भांगड़िया के सरकारी निजी सहायक (पी.ए.) प्रेमलवार पर ताडोबा अंधारी व्याघ्र परियोजना के विभागीय वन अधिकारी (डी.एफ.ओ.) सचिन शिंदे को फोन पर अभद्र भाषा में गाली-गलौज करने तथा धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

बताया जा रहा है कि यह मामला पर्यटन सूचना केंद्र की एक महिला कर्मचारी से संबंधित विवाद के दौरान सामने आया। आरोप है कि बातचीत के दौरान संबंधित पी.ए. ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे वन विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी और भय का वातावरण निर्माण हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, डी.एफ.ओ. सचिन शिंदे ने दिनांक 8 मई 2026 को वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी वरिष्ठ अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई है।

शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कथित रूप से संचालित “एक गठ्ठा सफारी” व्यवस्था को तत्काल बंद किया जाए तथा सफारी बुकिंग अथवा मांग का अधिकार केवल पर्यटकों तक सीमित रखा जाए। इसके अलावा “मैनेजमेंट कोटा सफारी” की जिम्मेदारी से वन विभाग को मुक्त करने की मांग भी की गई है।

इस घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में रोष व्याप्त है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है। अब इस पूरे प्रकरण में वरिष्ठ वन अधिकारियों द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं, इस ओर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here