
जिला प्रतिनिधी (यश कायरकर) :
ब्रह्मपुरी वन विभाग के अंतर्गत आने वाले तळोधी वनपरिक्षेत्र में पिछले 15 दिनों से ग्रामीणों में दहशत फैला रही बाघिन को वन विभाग ने सफलतापूर्वक पकड़ लिया है। यह कार्रवाई आज सुबह 11:35 बजे मौजा बालापुर, कक्ष क्रमांक 168 (संरक्षित वन क्षेत्र) में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, T-139_SAF (मादा) लगभग 20 माह आयु की बाघिन पिछले कुछ दिनों से मौजा बालापुर एवं येनोली कोट क्षेत्र में गांव और खेतों के आसपास घूम रही थी। इस दौरान उसने किसानों के पालतू पशुओं का शिकार किया तथा मानव जीवन के लिए भी खतरा उत्पन्न कर दिया था। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने विशेष अभियान चलाया।
यह कार्रवाई मा. श्री कुमारस्वामी एस. आर., उपवनसंरक्षक, ब्रह्मपुरी वन विभाग के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अभियान में श्री एम. बी. गायकवाड़ (सहायक वनसंरक्षक, तेंदू), श्री अरविंद जे. (सहायक वनसंरक्षक – प्रादेशिक व वन्यजीव), श्री ए. आर. कन्नमवार (वनपरिक्षेत्र अधिकारी, तळोधी), श्री ए. जी. मने (क्षेत्र सहायक) सहित अन्य वन कर्मचारी उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त डॉ. रविकांत खोब्रागड़े (पशुवैद्यकीय अधिकारी), श्री अजय मराठे (पुलिस हवालदार एवं शूटर) एवं उनकी टीम, RRT ताडोबा अंधारी व्याघ्र प्रकल्प, चंद्रपुर, तथा बायोलॉजिस्ट श्री राकेश आहुजा की उपस्थिति में बाघिन को बेहोश कर सुरक्षित रूप से जेरबंद किया गया।
कार्रवाई के बाद डॉ. रविकांत खोब्रागड़े द्वारा बाघिन की चिकित्सकीय जांच की गई। जांच में बाघिन पूर्णतः स्वस्थ पाई गई तथा इसका चिकित्सकीय प्रमाणपत्र भी जारी किया गया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल क्षेत्र में सतर्कता बरतें और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।




