गोठे में घुसकर तेंदुए का जानलेवा हमला, 13 बकरियाँ मारी गईं, दो घायल

0
140

यश कायरकर (जिला प्रतिनिधि) :

दिनांक 8 जनवरी 2026 की रात लगभग 1 बजे, तळोधी बा. (नवानगर) निवासी संदीप श्रीराम मोटघरे के निजी गोठे में घुसकर एक तेंदुए ने भयानक हमला किया। गोठे में बंधी 15 बकरियाँ एवं एक बकरा मौजूद थे, जिनमें से 13 बकरियों को तेंदुए ने मौके पर ही मार डाला, जबकि दो बकरियाँ गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बताया जा रहा है कि तेंदुआ खिड़की के रास्ते छलांग लगाकर गोठे में घुसा और हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही तळोधी बा. वन विभाग के क्षेत्र सहायक अरविंद मने एवं SWAB टीम के सदस्य जिवेश सयाम अपने दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पंचनामा किया। वन विभाग द्वारा पीड़ित किसान को नुकसान भरपाई दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
इस घटना से किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और उसकी आजीविका का प्रमुख साधन पूरी तरह नष्ट हो गया है। पीड़ित किसान सहित ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।
तेंदुए द्वारा रिहायशी क्षेत्र में घुसकर हमला किए जाने से नवानगर परिसर में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में पिंजरे लगाकर तेंदुए का बंदोबस्त करने की मांग की है।
वन विभाग ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधि को देखते हुए ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे तथा नियमित गश्त की जाएगी। साथ ही नागरिकों को रात में बाहर शौच के लिए न जाने, बच्चों को अकेले बाहर न छोड़ने और सतर्क रहने की सख्त चेतावनी जारी की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here