बाघ पर पत्थरबाजी पड़ी महंगी, हमले में गोविंदपुर का एक व्यक्ति घायल

0
380

जिला प्रतिनिधि (यश कायरकर):
ब्रह्मपुरी वन विभाग के अंतर्गत तलोदी–बालापुर वन परिक्षेत्र के गोविंदपुर गांव में आज सुबह लगभग 11:30 बजे बाघ के हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया। यह घटना उस समय घटी जब ग्रामीणों ने बाघ को देखकर उस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोविंदपुर गांव के जंगल से सटे कक्ष क्रमांक 569 में घोड़ाजरी की एक छोटी नहर के पास झाड़ियों में एक बाघ बैठा हुआ था। बाघ को देखने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों ने उस पर पत्थर फेंक दिए। पत्थर लगने से बाघ उग्र हो गया और उसने हमला कर दिया।

इस हमले में गोविंदपुर निवासी 40 वर्षीय रामराव वासुदेव नेवारे गंभीर रूप से घायल हो गए। वन विभाग द्वारा उन्हें तुरंत नागभीड़ के ग्रामीण अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए ब्रह्मपुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही तलोदी वन परिक्षेत्र अधिकारी लक्ष्मी शाह, क्षेत्र सहायक सैयद तथा वन रक्षक कागने मौके पर पहुंचे और मोक्का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

इस संबंध में क्षेत्र में कार्यरत वन्यजीव प्रेमी एवं स्वाब संस्था के बचाव दल प्रमुख जीवेश सयाम ने नागरिकों से अपील की है कि “यदि गांव या खेतों के आसपास बाघ दिखाई दे, तो उस पर पत्थर फेंकने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि बाघ को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भगाया जा सके और किसी प्रकार की जनहानि न हो।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here