सोमनाथ पर्यटन स्थल पर बाघ का हमला, महिला की दर्दनाक मौत

0
329

मूल (चंद्रपुर): 

ताड़ोबा-अंधारी व्याघ्र परियोजना की सीमा से सटे मुल तहसील के तड़के एक दर्दनाक घटना घटी। सोमनाथ पर्यटन स्थल के पास स्थित बाबा आमटे परियोजना के क्वार्टर में रहने वाली 52 वर्षीय महिला पर बाघ ने हमला कर उसकी जान ले ली।

मृतका का नाम अन्नपूर्णा बिलोणे (आयु 52) बताया गया है। जानकारी के अनुसार, तड़के लगभग चार बजे वे अपने घर के आंगन में बर्तन धो रही थीं। उसी दौरान बाघ ने अचानक झपट्टा मारकर उन पर हमला कर दिया।

इस दौरान उनके पति तुलसीराम बिलोणे पत्नी को बचाने के लिए दौड़े और उन्होंने पूरी कोशिश की, लेकिन बाघ के जबरदस्त हमले के सामने उनके प्रयास नाकाम साबित हुए। अन्नपूर्णा गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। खबर मिलते ही वन अधिकारी और उनका पथक घटनास्थल पर पहुंचा। पंचनामा कर मृतदेह को मुल ग्रामीण अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

गौरतलब है कि चंद्रपुर जिले में लगातार बाघ-मानव संघर्ष की घटनाएँ सामने आ रही हैं, जिसमें ग्रामीण नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। ताड़ोबा व्याघ्र परियोजना से सटे गाँवों में मानवीय बस्तियों और बाघों के आमना-सामना होने से दहशत का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में गश्ती दल तैनात किया है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है। हालांकि, लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने ठोस और दीर्घकालिक उपायों की माँग की है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here