
जिल्हा प्रतिनिधी (यश कायरकर):
लावारी गांव के पास महिला का शिकार करने वाले बाघ को वन विभाग की टीम ने शुक्रवार (19 तारीख) रात लगभग आठ बजे पकड़ लिया।
गुरुवार सुबह चिमूर वनपरिक्षेत्र के भीसी उपवनक्षेत्र अंतर्गत गडपिपरी बीट में विद्या मसराम नामक महिला को बाघ ने मार डाला था। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने ऐलान किया था कि जब तक बाघ को पकड़ा नहीं जाएगा, तब तक वे वन विभाग के वाहनों को गांव से बाहर नहीं जाने देंगे।
जनभावनाओं को देखते हुए वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। गुरुवार से ही उस बाघ पर निगरानी रखी जा रही थी। शुक्रवार को बाघ के लिए चारा (गोरा) बांधा गया। जैसे ही बाघ शिकार के लिए आया, वन विभाग के पशुचिकित्सक डॉ. रविकांत खोब्रागड़े और शार्पशूटर अजय मराठे ने उसे बेहोश कर पिंजरे में बंद कर दिया।
इसके बाद बाघ को चंद्रपुर स्थित TTC सेंटर में भेज दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान ब्रह्मपुरी वनविभाग के सहायक उपवन संरक्षक महेश गायकवाड़, चिमूर वनपरिक्षेत्र अधिकारी किशोर देऊळकर, ब्रह्मपुरी वनविभाग के बायोलॉजिस्ट राकेश आहूजा तथा अन्य वन कर्मचारी मौजूद थे।





