
(बस्ती से 9 वर्षीय बालक को उठाने वाला तेंदुआ वन विभाग के हत्थे चढ़ा)
जिल्हा प्रतिनिधी (यश कायरकर):
सिंदेवाही तालुके के गडबोरी गांव में 18 सितंबर की रात को घर के आंगन से 8 वर्षीय प्रशिल बबन मानकर को तेंदुआ उठा ले गया था। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल बन गया था। शव मिलने के बाद तनाव इतना बढ़ गया कि पुलिस को विशेष दंगा निरोधक पथक बुलाना पड़ा और गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
घटना के बाद वन विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गांव और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैप कैमरे और पिंजरे लगाए थे। इसी प्रयास में शनिवार की रात करीब 11:45 बजे एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया।
वन विभाग की टीम अब भी सतर्क है और गांव में लगातार गश्त कर रही है ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सावधानियां बरतें और गांव के आसपास मौजूद झाड़ियों व जंगलों की सफाई के लिए ग्राम पंचायत, वन समिति और प्रशासन के साथ मिलकर श्रमदान करें।
एक तेंदुए के पकड़े जाने से गांव वालों ने थोड़ी राहत महसूस की है, लेकिन बाकी तेंदुओं को पकड़ने का अभियान अभी भी युद्धस्तर पर जारी है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारी डॉ. कुमारस्वामी (उपवनसंरक्षक ब्रम्हपुरी) के मार्गदर्शन में, डॉ. महेश गायकवाड (सहायक वनसंरक्षक) के नेतृत्व और वन परिक्षेत्र अधिकारी अंजलि सायंकार/बोरावार मैडम तथा राकेश आहुजा के निर्देशन में सिंदेवाही वन परिक्षेत्र के वनकर्मियों द्वारा की गई।


